शिकायतों पर नहीं हुई कार्रवाई: दिव्यांग ने जंतर-मंतर पर आंदोलन की दी चेतावनी... - vedantsamachar.in

शिकायतों पर नहीं हुई कार्रवाई: दिव्यांग ने जंतर-मंतर पर आंदोलन की दी चेतावनी…

सारंगढ़-बिलाईगढ़,28 जून (वेदांत समाचार) । बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंधीचुआ में पंचायत से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज एक दिव्यांग शिकायतकर्ता ने उच्च न्यायालय की शरण लेने और दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच में कई शिकायतें सही पाए जाने के बावजूद संबंधित सरपंच के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

शिकायतकर्ता करण सिंह पटेल, जो दिव्यांग हैं, ने बताया कि उन्होंने पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं, प्रशासनिक गड़बड़ियों और अन्य मामलों को लेकर पांच बिंदुओं पर प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायत के बाद प्रशासनिक जांच दल गांव पहुंचा और विभिन्न बिंदुओं की जांच के साथ सरपंच चित्रा पटेल से भी पूछताछ की गई।

शिकायतकर्ता का दावा है कि जांच में चार शिकायतें सही पाई गईं। उनके अनुसार भटगांव तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू रहने के बावजूद डोंटो मार्ग पर मुरुम डलवाया गया। इसके अलावा शासकीय भूमि पर 52×24 वर्गफीट क्षेत्र में कथित अतिक्रमण, चुनावी शपथ पत्र में अचल संपत्ति संबंधी जानकारी गलत देने तथा शैक्षणिक दस्तावेजों में नाम और जन्मतिथि में भिन्नता जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं।

करण सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि जांच रिपोर्ट में कई बिंदु सही पाए जाने के बावजूद अनुविभागीय अधिकारी द्वारा केवल तीन बिंदुओं पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि अन्य गंभीर मामलों को नजरअंदाज किया गया। उनका आरोप है कि संबंधित सरपंच को प्रशासनिक संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता ने पंचायत अधिनियम की धारा-40 के तहत सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे न्याय के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन भी करेंगे। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।