Vedant Samachar

DEO ऑफिस में आग की वजह शॉर्ट सर्किट! हादसे की आशंका थी 26 साल का डेटा खाक, रिकवरी मुश्किल

Vedant Samachar
5 Min Read

रायपुर ,20 जनवरी (वेदांत समाचार)। रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ऑफिस के स्टोर रूम में शनिवार रात आग लग गई। इस आग में 26 साल का पूरा डेटा जलकर खाक हो गया। आग लगने के दो दिन बाद भी व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं आ पाई है। ऑफिस के लोग अंधेरे में काम कर रहे हैं। हालांकि ये जरूर है कि ऑफिस रन हो रहा है। तीन सदस्यीय प्रदेश स्तरीय टीम आग लगने की वजह तलाशने में जुट गई है। प्राइमरी तौर इस मामले को साजिश नहीं हादसे के तौर पर देखा जा रहा है। संभावना है कि रिपोर्ट में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट ही बताई जाए।

विभाग की बड़ी लापरवाही आई सामने

लेकिन इन सबके बीच जो बड़ी लापरवाही दिखी वो ये कि लोकल एडमिनिस्ट्रेशन को पहले से हादसे की आशंका थी। कई बार इस 100 साल पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत कराई जा चुकी थी। इस पुरानी बिल्डिंग की जगह नई बिल्डिंग का प्रस्ताव बनाकर भी DEO ऑफिस की ओर से शिक्षा विभाग को भेजा गया था।


लेकिन विभाग अब तक इसे मंजूर नहीं किया। अब जब आग में जलकर सबकुछ खाक हो गया है तो इसकी फाइल आगे बढ़ाने की बात चल रही है। रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु ने बताया कि पहली नजर में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट ही लग रहा है। वहीं जो डेटा जला है, उन्हें रिकवर किया जा रहा है। छात्रवृत्ति, मध्यान्ह भोजन जैसी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हैं, ये आसानी से रिकवर हो जाएंगी। हालांकि पूरा डेटा रिकवर हो पाना प्रैक्टिकली संभव नहीं है, क्योंकि साल 2008 के बाद की फाइलों का ही मोटे तौर पर डिजिटलाइजेशन काम शुरू था।

DEO भारती का कहना है कि इससे पहले की फाइलें उपयोग में नहीं थी, या बेहद कम ही उपयोग हुआ करती थी। ऐसे में ये कागज अभी के दिनों में बहुत ज्यादा उपयोगी नहीं थे। DEO भारती ने बताया हादसे में छात्रवृत्ति, मध्यान्ह भोजन, अनुकम्पा नियुक्ति, स्थापना, स्कूलों की मान्यता और अनुदान से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। आग में 23 आलमारियों में रखे करीब 150 बस्ते जलकर राख हो गए। आगजनी में इंस्पायर अवार्ड, विधि कक्ष, वित्त, बजट, अनुदान और मदरसे से जुड़े रिकॉर्ड भी नष्ट हो गए।

स्टॉक पंजी जल जाने के कारण यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि स्टोर रूम में कुल कितना और किस प्रकार का सामान रखा गया था। शनिवार रात करीब 8 से 8.30 बजे डीईओ कार्यालय से लगे स्टोर रूम में अचानक आग की लपटें उठती देखी गईं। आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलने के करीब 20 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन देर रात तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। हालांकि अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

फोरेंसिक टीम पहुंची, इलाका सील

कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के महत्वपूर्ण हिस्से को सील कर दिया है। रविवार को अवकाश के बावजूद फोरेंसिक टीम डीईओ कार्यालय पहुंची, लेकिन लगातार धुआं उठने के कारण जांच पूरी नहीं हो सकी। पुलिस और फायर ब्रिगेड अपने-अपने स्तर पर आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।

साजिश से भी इनकार नहीं, 3 सदस्यीय जांच समिति गठित

पुलिस ने आगजनी के पीछे साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया है। वहीं शासन के निर्देश पर संचालक लोक शिक्षण ने मामले की जांच के लिए संभागीय संयुक्त संचालक संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में सहायक संचालक लोक शिक्षण बजरंग प्रजापति और सतीश नायर को सदस्य बनाया गया है। समिति को 5 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्टोर रूम में तैनात जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच के भी संकेत मिले हैं।

राहत की बात: कोई जनहानि नहीं

रेस्क्यू टीम ने देर रात तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अब जांच में यह भी देखा जाएगा कि स्टोर रूम में आग से बचाव के क्या इंतजाम थे और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही या साजिश तो नहीं हुई।

Share This Article