[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

पेंड्रारोड-गेवरा रोड ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर में बड़ी सफलता, 24 किमी डाउन लाइन का सफल ट्रायल

बिलासपुर/पेंड्रा, 31 मार्च (वेदांत समाचार)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत बन रही महत्वाकांक्षी ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर परियोजना में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। पेंड्रारोड से गेवरा रोड तक प्रस्तावित 135 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन में से पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन से भाड़ी रेलवे स्टेशन के बीच 24 किलोमीटर डाउन लाइन का सफल ट्रायल पूरा किया गया। इस उपलब्धि को क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

ट्रायल की शुरुआत पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद डीजल इंजन को भाड़ी रेलवे स्टेशन की ओर रवाना किया गया। पूरे ट्रायल के दौरान रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम ने ट्रैक की गुणवत्ता, संरचना और सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद ट्रायल पूरी तरह सफल घोषित किया गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताया गया।

यह महत्वपूर्ण रेल परियोजना इरकॉन और छत्तीसगढ़ ईस्ट वेस्ट रेलवे लिमिटेड के संयुक्त प्रयासों से तैयार की जा रही है। परियोजना के तहत पेंड्रारोड से भाड़ी तक 24 किलोमीटर सेक्शन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिस पर यह रॉलिंग ट्रायल किया गया।

गति शक्ति बिलासपुर के सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्तिक पासवान ने बताया कि ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है और ट्रैक सभी तकनीकी मानकों पर खरा उतरा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिसंबर 2026 तक पूरी 135 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

ठेका कंपनी के सुपरवाइजर मोहित सिंह ने बताया कि पेंड्रारोड से भाड़ी तक 24 किलोमीटर के इस सेक्शन पर पहली बार परीक्षण किया गया, जो सफल रहा।

इस नई रेल लाइन के शुरू होने से क्षेत्र में कोयला परिवहन को काफी गति मिलेगी, जिससे उद्योगों को लाभ होगा। साथ ही भविष्य में इस रूट पर यात्री ट्रेनों के संचालन से आम जनता को भी बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

ट्रायल के दौरान भाड़ी रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, ठेका कंपनी के कर्मचारी और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

[metaslider id="133"]