बस नहर में गिरी, सवार थे फैक्ट्री कर्मचारी… – vedantsamachar.in

बस नहर में गिरी, सवार थे फैक्ट्री कर्मचारी…

यूपी, 07 मई। कानपुर के बिधनू में गुरुवार सुबह फैक्ट्री कर्मचारियों से भरी बस डंपर की टक्कर से अनियंत्रित होकर रामगंगा नहर में पलट गई। स्थानीय लोगों ने नहर में आधी डूबी बस की खिड़कियों को तोड़कर सभी फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर बस की छत पर खड़ा किया। इसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया और सीढ़ी लगाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। जिस जगह पर बस पलटी थी, वहां पानी कम होने से बड़ा हादसा टल गया है।

कई यात्रियों को हादसे में चोट लगी है। उन्हें अस्पताल भेजा गया है। बताया जाता है कि मुहम्मदपुर निवासी चालक इंद्रपाल एक निजी बस में गुरुवार सुबह साड़-कुढ़नी से 19 फैक्ट्री कर्मियों को बैठाकर कानपुर देहात रानियां स्थित ट्राई डेंट फैक्ट्री ले जा रहा था। बस बिधनू रामगंगा नहर पुल से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार डंपर ने बस को टक्कर मार दी। इससे चालक ने स्टेरिंग से नियंत्रण खो दिया। बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। गनीमत रही कि नहर में पानी कम था। इससे बस पूरी तरह डूबी नहीं। हादसे के बाद बस में सवारकर्मियों में चीख-पुकार मच गई।

कुछ मजदूरों ने हिम्मत दिखाते हुए बस की खिड़कियां और शीशे तोड़े और बाहर निकलकर बस की बॉडी पर आ गए। इसी बीच, स्थानीय लोगों की भीड़ नहर में कूद गई और बस की सभी खिड़कियां तोड़कर फंसे यात्रियों को एक-एक करके बाहर निकाल लिया। सभी को बस की बाडी पर खड़ा किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने नहर पुल से सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कई लोगों को चोट लगी थी। उन्हें अस्पताल भेजा गया।