जांजगीर-चांपा, 06 मई 2026 (वेदांत समाचार)। बलौदा पुलिस ने एक युवती को सोशल मीडिया पर बदनाम करने की नीयत से अश्लील फोटो और वीडियो पोस्ट करने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान विद्यासागर जोशी (21 वर्ष), निवासी चिल्फी, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले से परिचय और मित्रता थी। इसी दौरान आरोपी ने युवती की जानकारी के बिना उसके फोटो अपने मोबाइल में ले लिए थे।
बाद में आरोपी ने युवती को इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील फोटो और वीडियो पोस्ट करने की धमकी दी। इसके साथ ही उसने आपत्तिजनक संदेश भेजकर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इससे परेशान होकर पीड़िता ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित और प्रभावी भूमिका निभाई। टीम में प्र.आर. गजाधर पाटनवार, महिला प्रधान आरक्षक राजकुमारी मार्को, आरक्षक रज्जू रात्रे और टिकेश्वर राठौर का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और किसी भी प्रकार की साइबर अपराध से संबंधित गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
