कोरबा,03 मई (वेदांत समाचार)। जनगणना 2026 के कार्यों को समय-सीमा में त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ओमकार यादव ने हरदी बाजार, पाली और दीपका क्षेत्रों का दौरा कर मैदानी कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फील्ड में तैनात प्रगणकों (Enumerators) और सुपरवाइजरों से सीधे संवाद किया। कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने प्रपत्र भरने में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के आंकड़े राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के तहसीलदार अपने-अपने राजस्व एवं जनगणना दल के साथ मौजूद रहे। इनमें अभिजीत राजभानु (तहसीलदार, हरदी बाजार), भूषण सिंह मांडवी (तहसीलदार, पाली) और अमित केरकेट्टा (तहसीलदार, दीपका) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें, ताकि गणना कार्य सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने सुपरवाइजरों को डेटा के क्रॉस-वेरिफिकेशन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, जिससे जानकारी पूरी तरह सटीक और विश्वसनीय रहे।
दीपका ग्रामीण क्षेत्र के चार्ज के तहत भी अपर कलेक्टर ओमकार यादव ने निरीक्षण कर प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
