क्रूरता की हद बोलेरो में ठूंस-ठूंसकर ले जाई जा रहीं 7 गायें पकड़ी गईं, आरोपी फरार – vedantsamachar.in

क्रूरता की हद बोलेरो में ठूंस-ठूंसकर ले जाई जा रहीं 7 गायें पकड़ी गईं, आरोपी फरार

सक्ती,03 मई (वेदांत समाचार)। सक्ती जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गौ तस्करी और पशु क्रूरता की हद पार करते हुए बोलेरो वाहन में 7 गायों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। गौ सेवकों की सतर्कता से इस पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ। घटना सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुहीपाली के पास की बताई जा रही है। शुक्रवार की देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच गौ सेवकों को एक संदिग्ध बोलेरो वाहन नजर आया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया।

बताया जा रहा है कि बोलेरो चालक ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और इस दौरान गौ सेवकों की इनोवा कार को टक्कर मार दी। हालांकि, ज्यादा दूर तक भाग नहीं सका और मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। जब वाहन की जांच की गई तो अंदर का नजारा बेहद दर्दनाक था। बोलेरो में 7 गायों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। आशंका जताई जा रही है कि इन मवेशियों को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। गौ सेवकों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को अपने कब्जे में लिया और सीधे डभरा थाना पहुंचाकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।