रायपुर में ऑनलाइन सट्टा ऐप का भंडाफोड़: ओस्कर ऐप से सट्टा चला रहे 3 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-लैपटॉप समेत ₹2 लाख का सामान जब्त - vedantsamachar.in

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा ऐप का भंडाफोड़: ओस्कर ऐप से सट्टा चला रहे 3 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-लैपटॉप समेत ₹2 लाख का सामान जब्त

रायपुर, 01 अगस्त (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टा ऐप के माध्यम से सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, नगद 17,200 रुपये और वाई-फाई राउटर सहित करीब 2 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के गोल चौक स्थित एक किराए के मकान में कुछ युवक ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान देव कुमार साहू, कुंदन दास मानिकपुरी उर्फ छोटू और आकाश खाण्डेकर के रूप में हुई। पुलिस ने जब उनके मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच की तो पता चला कि वे “ओस्कर” नामक ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए विभिन्न गेम और इवेंट्स पर सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, नगद 17,200 रुपये और एक वाई-फाई राउटर जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।

इस मामले में डी.डी. नगर थाना में अपराध क्रमांक 457/2026 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, संचालकों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपियों में देव कुमार साहू (24), कुंदन दास मानिकपुरी उर्फ छोटू (23) और आकाश खाण्डेकर (23) शामिल हैं। तीनों मूल रूप से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी हैं और वर्तमान में रायपुर के डी.डी. नगर क्षेत्र स्थित गोल चौक के पास किराए के मकान में रह रहे थे।