नगरी,01 अगस्त (वेदांत समाचार)। नगरी ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र अंतर्गत बीरगुड़ी रेंज के ग्राम कर्राघाटी कक्ष क्रमांक 464 में बीते रात्रि लगभग 2बजे एक तेंदुए के हमले में दो ग्रामीण घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल नगरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रि में तेंदुआ गांव में घुस आया और ग्रामीणों पर हमला कर दिया। एक अगस्त शनिवार सुबह घटना की जानकारी वनविभाग को दी गई।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद घायल ग्रामीण के घर में तेंदुआ मृत अवस्था में मिला है। फिलहाल तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बीरगुड़ी रेंज का पूरा वन अमला मौके पर पहुंच गया। वन विभाग की टीम क्षेत्र में तैनात रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कार्रवाई कर रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, जंगल की ओर अकेले नहीं जाने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।

