बेमेतरा, 1 अगस्त (वेदांत समाचार)। लगातार हुई बारिश के बाद शिवनाथ नदी इन दिनों पूरे उफान पर है। नदी के बढ़े जलस्तर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सेमरिया घाट और नादघाट पहुंच रहे हैं। दोनों स्थानों पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं जल संसाधन विभाग का कहना है कि बारिश थमने और बांधों से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा कम होने के कारण शनिवार से टेल एरिया में बाढ़ का असर धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।
नवागढ़ विकासखंड के मारो से नारायणपुर होते हुए भाटापारा को जोड़ने वाली सड़क पर स्थित सेमरिया घाट में शिवनाथ नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। यहां बने पुल के ऊपर करीब तीन फीट तक पानी बह रहा है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग नदी की बाढ़ देखने घाट पर पहुंच रहे हैं। प्रशासन लोगों से पुल पार नहीं करने और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील कर रहा है।
इधर बिलासपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर स्थित नादघाट भी इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शिवनाथ नदी की बाढ़ देखने के लिए लोग पुल पर रुककर जलस्तर का नजारा ले रहे हैं। नदी का पुराना पुल पूरी तरह जलमग्न हो चुका है, जिससे आसपास का दृश्य बेहद रोमांचक नजर आ रहा है। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से पुल पर भीड़ नहीं लगाने और सावधानी बरतने की अपील की है।

जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता सी.एस. शिवहरे ने बताया कि एक सप्ताह पहले तक संभाग की प्रमुख जल परियोजनाओं में जलभराव कम था, लेकिन लगातार बारिश के चलते अब सभी परियोजनाओं में पर्याप्त पानी भर चुका है। गुरुवार सुबह जहां लगभग 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, वहीं शुक्रवार को इसे घटाकर करीब 5 हजार क्यूसेक कर दिया गया है। यदि बारिश नहीं होती है तो शनिवार से निचले इलाकों में बाढ़ का असर कम होने लगेगा।
फिलहाल शिवनाथ नदी के दोनों प्रमुख घाटों पर लोगों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सेल्फी लेने या पानी के तेज बहाव के करीब जाने से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

