कोरबा, 01 अगस्त (वेदांत समाचार)। शहर के व्यस्त बुधवारी बाजार में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब मुख्य प्रवेश द्वार के सामने नाली के ऊपर बना कंक्रीट स्लैब अचानक टूट गया। घटना उस समय हुई जब एक मालवाहक वाहन बाजार में सामान उतारने के लिए पहुंचा था। स्लैब धंसते ही वाहन का एक हिस्सा नाली में फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद बाजार में मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। वाहन के फंसने के कारण कुछ समय तक बाजार के प्रवेश मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सामान्य मालवाहक वाहन का भार भी नाली के स्लैब से नहीं झेला गया, तो क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठना लाजिमी है। लोगों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने और दोषी एजेंसी या ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने बाजार क्षेत्र की अन्य नालियों और स्लैब का भी तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
बुधवारी बाजार शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य प्रवेश द्वार पर स्लैब टूटने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

