न्यूयॉर्क,01अगस्त । ईरान युद्ध में शहीद हुई भारतीय मूल की अमेरिकी सेना की सर्जेंट एंजेल सारा रामप्रसाद को उनके अंतिम संस्कार में हीरो की तरह विदाई दी गई। न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी शोक सभा में शामिल हुए। एंजेल सारा का अंतिम संस्कार स्थानीय समय के अनुसार शुक्रवार को हुआ। अंतिम संस्कार में अमेरिकी अधिकारी, सैनिक और सैकड़ों शोक मनाने वाले शामिल हुए। एंजेल की मां कैरोल एसेवेडो ने कहा, “मेरी बेटी एक असली हीरो थी। सारा दो साल की उम्र में त्रिनिदाद से अमेरिका आ गई थीं। यहीं पर उनका पालन-पोषण हुआ। एंजेल सारा की मौत पिछले महीने जुलाई के आखिर में जॉर्डन में अमेरिकी सेना के बेस पर ईरानी मिसाइल हमले में हो गई थी।
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने उनके शोक में पूरे राज्य में झंडे आधे झुकाने का आदेश दिया था। गवर्नर होचुल ने कहा, उन्होंने हिम्मत और बिना स्वार्थ के जिंदगी जी। न्यूयॉर्क और हमारा देश, उनके जैसे बहादुर अमेरिकियों की वजह से ज्यादा सुरक्षित है, जो सेवा करने की पुकार का जवाब देते हैं। शहर और राज्य ने उनकी आखिरी यात्रा पर उन्हें सम्मान देने के लिए रैली निकाली, जिसे कुछ स्टेशनों ने लाइव दिखाया।
न्यूयॉर्क पुलिस के दर्जनों मोटरसाइकिल सवार जवानों के साथ एक काफिला उनके पार्थिव शरीर को एक चर्च में अंतिम संस्कार के लिए ले गया और फिर लॉन्ग आइलैंड के एक कब्रिस्तान में सैन्य सम्मान के साथ उन्हें विदाई दी गई।

