मिडिल ईस्ट में बढ़ रही जंग: अमेरिका-सऊदी ने किए इराक पर हवाई हमले, PMF के 8 लड़ाके मारे गए; जवाब में ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं - vedantsamachar.in

मिडिल ईस्ट में बढ़ रही जंग: अमेरिका-सऊदी ने किए इराक पर हवाई हमले, PMF के 8 लड़ाके मारे गए; जवाब में ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं

वॉशिंगटन,29जुलाई। अमेरिका और सऊदी अरब ने इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। अमेरिकी सेना के मुताबिक, इन ठिकानों से अमेरिकी सैनिकों और सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों पर हमलों की तैयारी की जा रही थी। वहीं, इराक की पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) का दावा है कि इन हमलों में उसके 8 लड़ाके मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं।

हमलों के कुछ घंटे बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, ये मिसाइलें जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे की ओर दागी गई थीं, लेकिन सभी को रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर लिया गया।

उधर, सऊदी अरब ने अपने पूर्वी प्रांत के तेल ठिकानों की ओर बढ़ रहे कई ड्रोन मार गिराने का दावा किया। वहीं, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट में तीन तेल टैंकर रोकने का दावा किया है। इसके अलावा, यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में एक सऊदी तेल टैंकर पर बैलिस्टिक मिसाइल दागने की बात कही है।

इराक की PMF बोली- अमेरिका-सऊदी के हमले उकसावा
इराक की पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) ने बयान जारी कर कहा कि अमेरिका और सऊदी अरब ने इराक के अलग-अलग इलाकों में उसके मुख्यालयों पर हवाई हमले किए। PMF के मुताबिक, इन हमलों में उसके कई सदस्य हताहत हुए हैं और कई ठिकानों को नुकसान पहुंचा है।

PMF ने इन हमलों को ‘खतरनाक उकसावा’ बताते हुए कहा कि यह इराक की संप्रभुता और उसकी आधिकारिक सुरक्षा संस्थाओं का उल्लंघन है। संगठन के मुताबिक, नुकसान और हताहतों का आकलन अभी जारी है।

IRGC का दावा- होर्मुज स्ट्रेट में 3 तेल टैंकर रोके
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने होर्मुज स्ट्रेट में तीन तेल टैंकरों को रोक दिया। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम के मुताबिक, IRGC का कहना है कि इन जहाजों ने चेतावनी के बावजूद ‘असुरक्षित और अवैध’ रास्ते पर आगे बढ़ना जारी रखा, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

IRGC ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी आदेशों या किसी भी तरह के ‘अवैध दखल’ का पालन करने वाले जहाजों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उसने इसे साफ शब्दों में चेतावनी बताया।

IRGC का दावा- जॉर्डन में अमेरिकी एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन में अमेरिकी एयरबेस और सेंट्रल कमांड (CENTCOM) सेंटर पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।

IRGC ने कहा कि यह हमला अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई के जवाब में किया गया। संगठन ने चेतावनी दी कि जब तक ईरान के खिलाफ हमले और धमकियां जारी रहेंगी, उसकी जवाबी कार्रवाई भी जारी रहेगी।