रायगढ़, 29 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे गांजा तस्कर चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35 वर्ष) को पूंजीपथरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 कार (CG13BH5917) भी जब्त कर ली है। इससे पहले इसी मामले में आरोपी के दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पूंजीपथरा थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लंबे समय से फरार आरोपी चन्द्रमणी यादव अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में ग्राम तुमीडीह महुआ चौक, पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान i20 कार में सवार दो आरोपियों खिरोधर यादव (जिला जशपुर) और पुरुषोत्तम यादव (ग्राम तुमीडीह) को गिरफ्तार किया गया था, जबकि तीसरा आरोपी चन्द्रमणी यादव पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.728 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब ₹24,500, तथा बिक्री की ₹5,000 नकद राशि बरामद की थी। कुल ₹29,500 की जप्ती कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम यादव ने पूछताछ में खुलासा किया कि फरार हुआ व्यक्ति चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव ही था, जो गांजा बिक्री के उद्देश्य से उनके साथ आया था और पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से भाग निकला था। इसके बाद पूंजीपथरा पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उसकी घटनास्थल पर मौजूदगी की पुष्टि की और लगातार उसकी तलाश जारी रखी।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत सक्रिय मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त i20 कार (CG13BH5917) भी जब्त कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा तथा पूंजीपथरा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार अपराधियों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ केवल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपराधियों को स्पष्ट संदेश है कि कानून से भागकर कोई भी बच नहीं सकता। नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी। अपराधियों के खिलाफ हमारी कार्रवाई निरंतर और निर्णायक रहेगी।

