शुभमन गिल की जगह वैभव सूर्यवंशी करें रोहित के साथ वनडे में ओपनिंग, दिग्गज खिलाड़ी ने बताई ये वजह - vedantsamachar.in

शुभमन गिल की जगह वैभव सूर्यवंशी करें रोहित के साथ वनडे में ओपनिंग, दिग्गज खिलाड़ी ने बताई ये वजह

नई दिल्ली , 27 जुलाई: वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने सबसे ज्यादा 151 रन बनाए. अब उन्हें वनडे फॉर्मेट में उतारने की मांग की जा रही है. पूर्व क्रिकेटर फारूख इंजीनियर का मानना है कि वनडे में शुभमन गिल की जगह वैभव सूर्यवंशी को रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करनी चाहिए. कप्तान शुभमन गिल को नंबर 4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए. फारूख इंजीनियर ने ऐसा क्यों कहा, आइए आपको बताते हैं.

वैभव सूर्यवंशी पर फारूख इंजीनियर ने क्या कहा?
फारूख इंजीनियर ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए उन्हें बेहतरीन खिलाड़ी बताया. उनके मुताबिक वनडे में वो बतौर ओपनर गिल से ज्यादा गैप्स ढूंढ सकते हैं क्योंकि वो हवा में भी शॉट्स खेलते हैं. फारूख इंजीनियर ने कहा, ‘ शुभमन गिल वो खिलाड़ी नहीं हैं जो गेंद को उठाकर मारते हैं. वनडे में दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों का ओपनिंग कॉम्बिनेशन बेहतरीन रहेगा. अगर रोहित खेल रहे हैं तो उन्हें वैभव सूर्यवंशी के साथ ओपनिंग करनी चाहिए. उन्हें सूर्यवंशी के साथ ओपनिंग करने दीजिए. सूर्यवंशी ओपनिंग के लिए बेहतर रहेंगे क्योंकि वो फील्ड पर ज्यादा गैप हासिल कर सकते हैं. विराट कोहली तीसरे नंबर पर खेलेंगे. गिल को चौथे नंबर पर उतरना चाहिए. इससे हमारा बैटिंग लाइन-अप सॉलिड हो जाएगा.’

गिल हैं वनडे के टॉप बल्लेबाज
फारूख इंजीनियर चाहे शुभमन गिल के लिए कुछ भी कह लें लेकिन भारतीय कप्तान ने इस फॉर्मेट में सभी की बोलती बंद की हुई है. गिल का वनडे औसत 60 से ज्यादा का है. वो वनडे रैंकिंग में नंबर 2 बल्लेबाज हैं. इस खिलाड़ी ने 66 वनडे पारियों में 60.3 की औसत से 3379 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी 100 से ज्यादा का है. ये खिलाड़ी वनडे में 9 शतक और 20 अर्धशतक लगा चुका है. साफ है गिल के ये आंकड़े कमाल हैं और उन्हें ओपनिंग से हटाना नामुमकिन है.

सूर्यवंशी को टाइम लगेगा!
रही बात वैभव सूर्यवंशी की तो इस खिलाड़ी को वनडे फॉर्मेट में आने में टाइम लगेगा. अभी सूर्यवंशी ने महज 6 ही टी20 मैच खेले हैं. जिम्बाब्वे सीरीज में उन्होंने कमाल प्रदर्शन कर प्लेयर ऑफ द सीरीज हासिल किया. इसमें कोई दो राय नहीं है कि उनके अंदर टैलेंट कूट-कूटकर भरा है लेकिन फिलहाल वनडे टीम में अभी जगह नजर भी नहीं आ रही है.