CG NEWS : 7 तस्कर गिरफ्तार, दुर्ग शहर में सप्लाई कर रहे थे गांजा और नशीली दवा... - vedantsamachar.in

CG NEWS : 7 तस्कर गिरफ्तार, दुर्ग शहर में सप्लाई कर रहे थे गांजा और नशीली दवा…

भिलाई, 27 जुलाई ( वेदांत समाचार )। नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई की हैं। पुलिस ने खुर्सीपार और छावनी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2 किलो 514 ग्राम गांजा, 500 अल्प्राजोलम नशीली टैबलेट और बिक्री से मिली नकदी बरामद की गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पहली कार्रवाई खुर्सीपार थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आईटीआई बॉयज हॉस्टल के पास दशहरा मंच के सामने कुछ लोग खुलेआम गांजा बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शेख शब्बीर उर्फ कल्लू (21), उदय देवार (22), विकास वर्मा उर्फ चेतन (23) और रोहित कंवर (19) बताए। चारों खुर्सीपार क्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी लेने पर उनके पास से 2 किलो 514 ग्राम गांजा और बिक्री की 1200 रुपए नकद रकम बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.51 लाख रुपए है। इस मामले में खुर्सीपार थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास आने वाले लोगों को गांजा बेचते थे और इससे कमाई कर रहे थे।