महिला की हत्या : रिश्तेदार ही निकला उम्रदराज महिला का हत्यारा गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

महिला की हत्या : रिश्तेदार ही निकला उम्रदराज महिला का हत्यारा गिरफ्तार…

कोरबा, 27 जुलाई ( वेदांत समाचार )। ईरफ के हर्राभाठा में पिछली रात एक महिला की हत्या करने वाले आरोपी को चैतमा पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। वह महिला का ही हत्यारा निकला। उसने मृतका के बेटे और बहू की भी जान लेने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इस दुर्गम क्षेत्र का मुआयना किया और कुछ घंटों की मशक्कत के बाद हत्यारे को मामले में गिरफ्तार कर लिया। अगली कार्यवाही जारी है।पुलिस ने बताया कि इसी क्षेत्र में रहने वाले हीरालाल धनुहार को हत्या और जानलेवा हमला के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।

घटनाक्रम को लेकर आरोपी से पूछताछ में जो कुछ पता चला उससे साफ होता है कि चरित्र शंका के चक्कर में यह सब हुआ। इस घटना में 65 वर्षीय समारीन बाई धनुहार पति मुकुटराम की मौत हो गई। आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ हमले किए और मौत के घाट उतार दिया। वहीं घटना के दौरान मृतका के पुत्र चैतराम धनुहार 45 वर्ष और उसकी पत्नी प्रमिला धनुहार 40 वर्ष के द्वारा बीच-बचाव करने की भरसक कोशिश की गई, तो आरोपी ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया। मौके पर शोर-शराबा हुआ और आसपास के लोगों की आहट मिलने पर आरोपी यहां से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने इस बारे में पुलिस को अवगत कराया। जिसके बाद पाली और चैतमा की पुलिस टीम अधिकारियों के साथ यहां पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आज कोर्ट में पेश करने की कार्यवाही की जा रही है। वहां से उसे जेल दाखिल किया जाएगा। याद रहे कोरबा जिले के विभिन्न हिस्सों में एक महीने से हत्याओं का सिलसिला चल पड़ा है जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर अराजक तत्व हावी क्यों हैं।