सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 जुलाई। जिले के माधोपाली स्थित लातनाला में बारिश के तेज बहाव में कार सहित बह गए दंपती के मामले में सोमवार सुबह कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली तथा दंपती की तलाश में चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित लातनाला में बड़े घोठला गांव निवासी देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी कार सहित तेज बहाव में बह गए थे। घटना के समय पुल के ऊपर से पानी बह रहा था, बावजूद इसके कार चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया, जिससे यह हादसा हो गया।

प्रशासन के अनुसार, घटना का वीडियो भी सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी में यह तथ्य सामने आया है कि मौके पर मौजूद कुछ लोग दंपती की सहायता करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे। अधिकारियों का कहना है कि यदि तत्काल बचाव का प्रयास किया जाता तो संभवतः दंपती की जान बचाई जा सकती थी।
कलेक्टर और एसपी ने एसडीआरएफ की टीम को पूरी सतर्कता के साथ सर्च ऑपरेशन जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान पुल-पुलियों पर पानी होने की स्थिति में जोखिम उठाकर वाहन पार न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में वीडियो बनाने के बजाय तत्काल बचाव एवं सूचना देने को प्राथमिकता दें।

