रायगढ़ में जॉब के नाम पर महिला और नाबालिग से छेड़खानी, आरोपी गिरफ्तार – vedantsamachar.in

रायगढ़ में जॉब के नाम पर महिला और नाबालिग से छेड़खानी, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 26 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला और नाबालिग के साथ छेड़खानी करने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महिला सुरक्षा अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मामले के अनुसार, 24 अप्रैल को 15 वर्षीय नाबालिग ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी भाभी (30 वर्ष) को 16 अप्रैल को एक अज्ञात युवक ने मोबाइल पर कॉल कर स्वयं को “विजय” बताते हुए रायगढ़ की कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने 22 अप्रैल को दोबारा कॉल कर दोनों को ग्राम अमलीडीह बुलाया। वहां से आरोपी उन्हें अपने साथ कार में बैठाकर ग्राम चिमटापानी के पास सुनसान स्थान पर ले गया।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला के साथ गलत नियत से छेड़खानी की और विरोध करने पर नाबालिग के साथ भी जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

पीड़िताओं की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 74, 75(2), 76, 351(3) एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान सुरेन्द्र बेहरा (34 वर्ष), निवासी ग्राम रायकेरा के रूप में की।

पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को उसकी मारूति ब्रेजा कार क्रमांक JH-17-Q-2761 सहित गिरफ्तार कर लिया। पीड़िताओं से आरोपी और वाहन की शिनाख्त कराई गई, जिसमें उसकी पहचान की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी नाम “विजय” बताकर नौकरी के बहाने महिला को बुलाने और अपराध करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोटोरोला मोबाइल फोन और कार जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

इस कार्रवाई में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, महिला विवेचक दीपिका निर्मलकर सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नौकरी या किसी भी प्रकार के प्रलोभन के नाम पर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन, विशेषकर महिलाओं और युवतियों से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।