जांजगीर-चांपा: लंबित राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर, अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश – vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा: लंबित राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर, अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 25 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, राजस्व अभिलेखों के अद्यतन और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान पर सख्त निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने बताया कि जिले में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार और 4 मई से 18 मई तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो।

कलेक्टर ने शासकीय भूमि के संरक्षण और अतिक्रमण हटाने को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर सभी शासकीय भूमि का भौतिक सत्यापन कर सीमांकन किया जाए और अतिक्रमण की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतते हुए अवैध रेत परिवहन, अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा बंटाकन, रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण, व्यपवर्तन और त्रुटि सुधार जैसे प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ई-कोर्ट में लंबित प्रकरणों, भू-अर्जन मामलों और मुआवजा भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण की तैयारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ एग्रीस्टैक परियोजना के तहत डिजिटल क्रॉप सर्वे, जियो-रेफरेंसिंग, आधार सीडिंग और डिजिटल हस्ताक्षरित खसरा सहित राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी, शिकायत शाखा और टीएल प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।