मुंबई, 23 अप्रैल 2026: सोनी सब का हाल ही में लॉन्च हुआ शो यादें दर्शकों से गहराई से जुड़ रहा है, जहाँ डॉ. देव मेहता (इक़बाल खान) की भावनात्मक यात्रा मुक्ति और आत्म-खोज की कहानी कहती है। कभी एक मशहूर डॉक्टर रहे देव अब अपनी आठ साल की खोई हुई यादों के साथ जी रहे हैं और अपनी पहचान और जीवन के उद्देश्य को फिर से बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जैसे-जैसे वे इस अनजानी ज़िंदगी को जीते हैं, उन्हें टूटे हुए रिश्तों, बेटे के खोने और उस इंसान का सामना करना पड़ता है, जिसे वे अब पहचान नहीं पाते।
आने वाले एपिसोड्स में दर्शक देखेंगे कि डॉ. देव एक गंभीर रूप से बीमार मरीज की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए हर हद तक जाते हैं। वे पिता परमिंदर को उसके बिछड़े बेटे अमरजीत से मिलवाते हैं, जिससे उसे सुकून और शांति मिलती है। दिल छू लेने वाले अंदाज़ में डॉ. देव अस्पताल के भीतर लंदन जैसा माहौल तैयार करते हैं, ताकि परमिंदर अपना सपना जी सके, जिसे वह कभी पूरा नहीं कर पाया। अपनी आखिरी घड़ियों में परमिंदर डॉ. देव को एक सरल लेकिन गहरी सीख देता है– अपने प्यार को कभी मत छोड़ो और आखिरी पल तक उसके लिए लड़ते रहो। यह पल डॉ. देव को गहराई से प्रभावित करता है और उनकी यात्रा में एक शांत लेकिन अहम् मोड़ बन जाता है।

आने वाले ट्रैक पर बात करते हुए, इक़बाल खान ने कहा, “ऐसे ट्रैक बहुत खास होते हैं, क्योंकि ये सिर्फ इलाज या दवा तक सीमित नहीं रहते, बल्कि डॉक्टर के मानवीय पहलू को भी सामने लाते हैं। डॉ. देव के लिए परमिंदर की आखिरी इच्छा पूरी करना सिर्फ मरीज की मदद करना नहीं है, बल्कि किसी को शांति और सुकून देना है। अस्पताल के अंदर लंदन को फिर से बनाने का विचार दिल को छू लेने वाला है और यह इस बात का प्रतीक है कि वह किसी और की खुशी के लिए कितनी दूर तक जा सकता है। परमिंदर की दो बातें मेरे दिल में गहराई से उतर गईं– पहली, अपने प्यार को कभी मत छोड़ो और दूसरी, अपनी सीमा को पहचानो, समझो कि कितना थामे रखना है और कब छोड़ देना है।”
हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे यादें देखने के लिए ट्यून इन करें, सिर्फ सोनी सब पर।
