जीवन में जो सपना देखा वह पूरा किया प्रधानमंत्री आवास योजना ने, अब पक्के घर में रह रहा परिवार - vedantsamachar.in

जीवन में जो सपना देखा वह पूरा किया प्रधानमंत्री आवास योजना ने, अब पक्के घर में रह रहा परिवार

जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। जीवन में हर व्यक्ति का एक सपना होता है कि उनका खुद का एक खुद का पक्का मकान हो, जिसमें वह अपने परिवार सहित सुकून और सुरक्षा के साथ चैन की नींद ले सके। ऐसे ही एक सपने को साकार किया है शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जरूरतमंदों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के विकासखण्ड अकलतरा के ग्राम पंचायत पचरी निवासी श्री ईश्वर कंवर के जीवन में भी एक नई रोशनी आई है।कभी उनका जीवन एक जर्जर कच्चे मकान की चार दीवारों में सिमटा हुआ था। बारिश की हर बूंद उनके लिए चिंता बनकर गिरती थी। टपकती छत, भीगती दीवारें और परिवार की सुरक्षा की चिंता हर पल मन को बेचैन रखती थी। आर्थिक तंगी इतनी थी कि वे चाहकर भी अपने घर की मरम्मत नहीं कर पाते थे।लेकिन वर्ष 2024-25 में जब शासन ने उनकी स्थिति को समझते हुए उन्हें आवास स्वीकृत किया और 1.20 लाख रुपये की सहायता प्रदान की, तब मानो उनकी किस्मत ने करवट ली। धीरे-धीरे ईंट-ईंट जुड़ती गई और एक मजबूत, सुरक्षित और सम्मानजनक पक्का घर तैयार हो गया। अब वही ईश्वर, जो कभी असुरक्षा के साये में जीते थे, आज अपने पक्के घर में सुकून की नींद लेते हैं। उनके चेहरे पर संतोष की मुस्कान है और आंखों में आत्मविश्वास की चमक।
सिर्फ आवास ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिले एलपीजी कनेक्शन और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बने शौचालय ने उनके जीवन को और भी आसान और सम्मानजनक बना दिया है। अब उनका घर न सिर्फ मजबूत है, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाओं से युक्त भी है। ईश्वर कहते हैं कि यह घर सिर्फ ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि उनके सपनों, संघर्षों और उम्मीदों का साकार रूप है। वह इसके लिए शासन को आभार व्यक्त करते हैं।