CG CRIME: मोबाइल पर दोस्ती कर प्रेमजाल में फंसाया, दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

CG CRIME: मोबाइल पर दोस्ती कर प्रेमजाल में फंसाया, दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 24 जुलाई (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में मोबाइल पर बातचीत के जरिए एक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी कृष्ण राई (52 वर्ष), पिता स्वर्गीय आर.पी. राई, निवासी CSEB कॉलोनी, चांपा ने पहले मोबाइल पर लगातार बातचीत कर उससे दोस्ती की। इसके बाद प्रेम संबंध का झांसा देकर उसका विश्वास जीता और उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 400/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना चांपा प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक गौरीशंकर राय, ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।