धमतरी, 24 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों और किरायेदार सत्यापन को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में प्रारंभ किए गए इस अभियान के तहत आम नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था में सहभागी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अभियान की शुरुआत पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने अपने शासकीय वाहन पर जनजागरूकता स्टीकर लगाकर की। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी और डीएसपी मीना साहू ने भी अपने-अपने सरकारी वाहनों पर अवैध अप्रवासियों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने संबंधी स्टीकर लगाकर अभियान को आगे बढ़ाया। पुलिस का उद्देश्य है कि प्रत्येक शासकीय वाहन के माध्यम से आम लोगों तक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण संदेश पहुंचे और नागरिक इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
धमतरी पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में भी किरायेदार सत्यापन, बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध अप्रवासियों की जानकारी देने संबंधी पोस्टर और पाम्पलेट प्रमुख स्थानों पर लगाए हैं। इनका उद्देश्य कार्यालय आने वाले नागरिकों, मकान मालिकों, होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालकों के साथ-साथ उद्योग और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे पुलिस का सहयोग कर सकें।
पुलिस विभाग ने इस अभियान को पूरे जिले में प्रभावी बनाने के लिए सभी थाना एवं चौकी कार्यालयों में जागरूकता स्टीकर और पाम्पलेट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही जिले के सभी शासकीय पुलिस वाहनों पर भी इन्हें लगाया जाएगा, जिससे हर क्षेत्र में सुरक्षा और सतर्कता का संदेश लगातार पहुंचता रहे।

धमतरी पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को किराए पर मकान देने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। वहीं होटल, लॉज, धर्मशाला और अन्य आवासीय संस्थानों के संचालकों से कहा गया है कि वहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित करें। यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध अप्रवासी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905, डायल-112 या नजदीकी थाना-चौकी में सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने कहा कि जिले की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है और सुरक्षित, शांतिपूर्ण तथा कानून-व्यवस्था युक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से “सतर्क नागरिक–सुरक्षित धमतरी” अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने, पुलिस सत्यापन को प्राथमिकता देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध अप्रवासी की सूचना तुरंत पुलिस को देकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की है।

