मुंबई, 23 जुलाई, 2026: सोनी सब का शो यादें अपनी दिल छू लेने वाली कहानियों और आकर्षक किरदारों से दर्शकों को लगातार बाँधे हुए है। कहानी में नया मोड़ लेकर आ रही हैं छवि पांडे, जो डॉ. प्रीति देशमुख का किरदार निभा रही हैं। उनकी एंट्री डॉ. देव (इकबाल खान) और डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) के बीच के समीकरण को बदलने वाली है। पहली ही झलक में यादगार छाप छोड़ते हुए, छवि का किरदार स्टाइलिश अंदाज़ में एक चमकदार पीले स्कूटर पर एंट्री करता है, जो डॉ. प्रीति की आत्मविश्वासी, जोशीली और बेफिक्र शख्सियत को बखूबी दर्शाता है।
कॉलेज रीयूनियन में डॉ. प्रीति अपनी यादगार एंट्री एक स्टाइलिश पीले स्कूटर पर करती हैं, जो तुरंत ही गर्मजोशी जोड़ देता है और उनके जीवंत व बेफिक्र व्यक्तित्व को दर्शाता है। स्क्रीन पर यह सीक्वेंस सहज दिखता है, लेकिन इसके लिए कई बार रिहर्सल करनी पड़ी, ताकि हर मूवमेंट और कैमरा एंगल बिल्कुल सही लगे। स्कूटर को बैलेंस करने से लेकर शॉट की गति को किरदार में रहते हुए मैच करने तक, छवि ने इस यादगार इंट्रोडक्शन को निभाने का हर पल एंजॉय किया।
आगामी ट्रैक के बारे में बात करते हुए, छवि पांडे ने साझा किया, “हर कलाकार चाहता है कि उसकी एंट्री दर्शकों को याद रहे और मेरे लिए इससे ज्यादा मज़ेदार एंट्री और कुछ नहीं हो सकती थी। सेट पर स्कूटर चलाना तुरंत मुझे डॉ. प्रीति की पर्सनैलिटी का एहसास दिला गया वह आत्मविश्वासी, खुशमिज़ाज और ऐसी इंसान हैं, जो कमरे को रोशन कर देती हैं। हमने इस सीक्वेंस को कुछ बार रिहर्स किया, ताकि स्क्रीन पर सब कुछ सहज दिखे। हालाँकि, शुरुआत में मैं थोड़ी नर्वस थी, लेकिन जल्द ही यह मेरे सबसे मज़ेदार शूट्स में से एक बन गया। मुझे लगता है कि ऐसे छोटे-छोटे पल अनुभव को और खास बना देते हैं और मैं उम्मीद करती हूँ कि दर्शक डॉ. प्रीति की एंट्री को उतना ही एंजॉय करेंगे जितना हमने इसे फिल्माते समय किया।”
सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे देखिए यादें।

