रेलवे में नौकरी-दिलाने के नाम पर 7 लाख की ठगी खुद को कर्मचारी बताकर ऐंठ लिए पैसे आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल… – vedantsamachar.in

रेलवे में नौकरी-दिलाने के नाम पर 7 लाख की ठगी खुद को कर्मचारी बताकर ऐंठ लिए पैसे आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल…

दुर्ग , 04 अप्रैल (वेदांत समाचार) : दुर्ग जिले में रेलवे में नौकरी के नाम पर 7 लाख रुपए की ठगी की गई है। आरोपी ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर पैसे ऐंठ लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, ग्राम खोरपा पाटन निवासी सतीश कुमार मरकाम ने स्टेशन मरोदा बीआरपी कॉलोनी के खिलेश्वर साहू से ठगी की है।

आरोपी ने खुद को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर में वेल्डर ग्रेड-3 पद पर कार्यरत बताया। उसने दावा किया कि उसकी रेलवे के बड़े अधिकारियों से सीधी पहचान है और वह नौकरी लगवा सकता है। 10 फरवरी 2022 को आरोपी सतीश खिलेश्वर के घर आया। आरोपी ने उसकी पत्नी की मौजूदगी में 7 लाख रुपये नकद लिए। सतीश ने 7 महीने के भीतर रेलवे में नौकरी दिलाने या पैसे वापस करने का वादा किया था। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने यूनियन बैंक पाटन शाखा के तीन कोरे चेक भी गारंटी के तौर पर दिए थे। समय सीमा बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी।

इसके बाद खिलेश्वर ने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। 28 जुलाई 2023 को आरोपी ने एक लिखित इकरारनामा (समझौता पत्र) देकर पैसे लेने की बात स्वीकार की, लेकिन इसके बावजूद उसने रकम नहीं लौटाई। इसके बाद पीड़ित ने नेवई थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार मरकाम के खिलाफ बीएनएस की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।