सोने की माला छीनाझपटी मामले में बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक भी बरामद - vedantsamachar.in

सोने की माला छीनाझपटी मामले में बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक भी बरामद

  • साजा थाना क्षेत्र में महिला के गले से 9 नग सोने की पत्ती वाली माला लूटकर फरार हुए थे आरोपी, नवागढ़ से चोरी की गई थी वारदात में इस्तेमाल बाइक

बेमेतरा, 03 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस ने सोने की माला छीनाझपटी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में साजा थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम भरदा लोधी निवासी मोतिम बाई ने थाना साजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने पति लखन लाल जंघेल के साथ घर के सामने बैठी हुई थी। इसी दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल में सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे और गांव में अशोक साहू नाम के व्यक्ति का पता पूछने लगे। जानकारी नहीं होने पर दोनों वहां से चले गए।

कुछ देर बाद दोनों आरोपी दोबारा गांव में पहुंचे। इस दौरान एक आरोपी मोटरसाइकिल चालू हालत में खड़ा रहा और दूसरे आरोपी ने महिला के गले में पहनी तांत की रस्सी में बंधी काले रंग की माला, जिसमें 9 नग सोने की पत्ती लगी हुई थी, झपटकर छीन ली और दोनों मौके से फरार हो गए।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों की मदद और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी अवध राम ध्रुव और दिलेश्वर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल क्रमांक CG-25 P-6024 को बरामद कर जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि आरोपी द्वारा फेंकी गई 9 नग सोने की पत्ती पुलिस को बरामद नहीं हो सकी है।

जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मरका से चोरी की गई थी। इस संबंध में वाहन मालिक सत्य कुमार ध्रुव की शिकायत पर थाना नवागढ़ में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवध राम ध्रुव पिता मनतु ध्रुव (46 वर्ष), निवासी सिंगपुर चौकी खण्डसरा थाना व जिला बेमेतरा तथा दिलेश्वर साहू पिता मेघनाथ साहू (23 वर्ष), निवासी करमतरा चौकी जालबांधा थाना खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना साजा, नवागढ़ सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।