नई दिल्ली,03अगस्त : The Hundred में करामाती राशिद खान का वो कमाल देखने को मिला, जिस पर उनके कप्तान सैम करन को पहली नजर में यकीन ही नहीं हुआ था. इंग्लैंड की 100 गेंदों वाली क्रिकेट लीग में राशिद खान, MI लंदन टीम का हिस्सा हैं, जिसके कप्तान सैम करन हैं. 2 अगस्त को MI लंदन का मुकाबला मैनचेस्टर सुपर जायंट्स से हुआ. इस मुकाबले में MI लंदन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 183 रन का स्कोर बनाया. जवाब में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स जब टारगेट का पीछा करने उतरी तो उसे राशिद खान के चमत्कारी प्रदर्शन का शिकार होना पड़ा. राशिद खान ने वो कारनामा किया, जो द हंड्रेड में पहली बार उनकी तरफ से देखने को मिला था.
The Hundred में राशिद ने पहली बार झटके 5 विकेट
राशिद खान ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के खिलाफ 5 विकेट लेने का कारनामा किया. उन्होंने अपने कोटे 20 गेंदों में सिर्फ 17 रन दिए और 5 विकेट चटकाए. द हंड्रेड में ये पहली बार देखने को मिला, जब राशिद खान ने 5 विकेट झटके. उस लिहाज से इंग्लैंड के 100 गेंदों वाली क्रिकेट लीग में राशिद खान का ये बेस्ट प्रदर्शन भी रहा.
20 गेंदों में 5 विकेट लेकर क्या बोले राशिद खान?
द हंड्रेड में पहली बार 5 विकेट झटकने के बाद राशिद खान ने मैच के बाद कहा कि ऐसे प्रदर्शन की उन्हें जरूरत थी. उन्होंने कहा कि द हंड्रेड उनके लिए अब तक शांत टूर्नामेंट बना रहा था. लेकिन, उन्होंने अपना धैर्य बनाए रखा और वही करने पर फोकस किया, जो वो अब तक करते आए हैं. उन्होंने सही दिशा में गेंदबाजी जारी रखी, जिसका उन्हें रिजल्ट मिला.
राशिद खान ने जो किया, सैम करन को उसका अंदाजा भी नहीं था!
MI लंदन के कप्तान सैम करन को तो राशिद खान के 5 विकेट वाली सफलता पर यकीन ही नहीं हुआ. इस बात का जिक्र उन्होंने मैच के बाद किया. सैम करन ने कहा कि उन्हें राशिद खान के 5 विकेटों के बारे में तब तक पता नहीं चला, जब तक स्क्रीन पर नहीं दिखाया गया. उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि राशिद खान अपना काम कितनी शांति के साथ करते हैं.
राशिद खान के ‘पंजे’ की बदौलत MI लंदन की जीत
राशिद खान के 20 गेंदों में नापे 5 विकेटों की बदौलत MI लंदन ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबला 46 रन से जीत लिया. मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की टीम 184 रन के लक्ष्य के आगे 95 गेंदों में 138 रन बनाकर ही ऑलआउट हो गई. राशिद खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं, इस जीत के साथ MI लंदन पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर आ गई.

