यूको बैंक से 1 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर 10.87 लाख की ठगी, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

यूको बैंक से 1 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर 10.87 लाख की ठगी, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

  • फर्जी लोन स्वीकृति पत्र और दस्तावेजों के जरिए करता था धोखाधड़ी, चांपा पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा

जांजगीर-चांपा, 03 अगस्त (वेदांत समाचार)। यूको बैंक से 1 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 10 लाख 87 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के मोनो और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल के नेतृत्व में की गई।

मामला चांपा थाना क्षेत्र का है। शिवनगर चांपा निवासी आशुतोष अग्रवाल ने 16 जून 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2022 में अखबार के माध्यम से उसकी पहचान कुलदीप वशिष्ठ नामक व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने खुद को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताते हुए यूको बैंक से 1 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने लोन स्वीकृति के नाम पर पहले 5 लाख रुपये फिक्स डिपॉजिट कराने और अन्य खर्च के लिए 5 से 6 लाख रुपये की जरूरत बताई। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के मोनो और नकली हस्ताक्षरों का उपयोग किया।

आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने उसे 1 लाख रुपये नकद, 25 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से, 7 लाख रुपये आरटीजीएस तथा 2 लाख 54 हजार 285 रुपये अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 10 लाख 87 हजार 285 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद थाना चांपा में अपराध क्रमांक 259/25 के तहत धारा 420 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर तकनीकी की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और टीम को मध्यप्रदेश के इंदौर भेजा गया।

पुलिस टीम ने इंदौर पहुंचकर आरोपी कुलदीप वशिष्ठ को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात को स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड के माध्यम से चांपा लाया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप वशिष्ठ पिता स्वर्गीय दिनेश वशिष्ठ, उम्र 41 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रायपुर एवं वर्तमान पता एलाईट एपेक्स, महालक्ष्मी नगर, इंदौर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राय, आरक्षक माखन साहू सहित थाना चांपा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।