नई दिल्ली,23 अप्रैल: देश में सोने की कीमतों में एक बार फिर गिरावट देखने को मिली है। आज 23 अप्रैल की सुबह राजधानी दिल्ली में 22 कैरेट सोना 10 रुपये फिसलकर 1,41,990 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं मुंबई में यह 1,41,840 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। इसी तरह आज 24 कैरेट और 18 कैरेट वाले सोने की कीमतों में भी 10-10 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी दर्ज की गई है। वहीं, एक दिन पहले दिल्ली के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना भी 300 रुपये टूटकर करीब 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 4,742.97 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है।
वैश्विक तनाव और अनिश्चितता का असर
अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष विराम को लेकर हुई दूसरी दौर की बातचीत सफल नहीं हो पाई है। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्ष विराम की अवधि बढ़ा दी है। इसके बावजूद कोई ठोस प्रगति नहीं होने से वैश्विक अनिश्चितता बढ़ गई है। इस स्थिति ने कच्चे तेल और डॉलर को समर्थन दिया है। जबकि सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
प्रमुख शहरों में सोने के ताजा दाम
देश के अलग-अलग शहरों में सोने के भाव लगभग समान रुख दिखा रहे हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,54,890 रुपये, 22 कैरेट 1,41,990 रुपये और 18 कैरेट 1,16,200 रुपये प्रति 10 ग्राम है। मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट 1,54,740रुपये, 22 कैरेट 1,41,840 रुपये और 18 कैरेट 1,16,050 रुपये पर कारोबार हो रहा है। चेन्नई में कीमतें थोड़ी ज्यादा हैं, जहां 24 कैरेट 1,55,450 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,42,490 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। अहमदाबाद और भोपाल जैसे शहरों में 22 कैरेट और 24 कैरेट का भाव क्रमशः 1,41,890 रुपये और 1,54,790 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है।
बाजार की स्थिति और निवेशकों की चिंता
सोने के दाम में लगातार गिरावट से निवेशकों में सतर्कता बढ़ गई है। वैश्विक संकेत, भू-राजनीतिक तनाव और डॉलर की मजबूती के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार निकट भविष्य में कीमतें सीमित दायरे में रह सकती हैं। लेकिन उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
चांदी में भी नरमी का रुझान
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। 23 अप्रैल की सुबह चांदी 100 रुपये टूटकर 2,64,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। एक दिन पहले इसमें ₹2,700 रुपयेकी बड़ी गिरावट देखी गई थी और यह 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी 77.80 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी हुई है, जिससे इसमें भी दबाव जारी है।
