Stock Market August 4: आरबीआई की नीति और वैश्विक संकेतों के बीच बाजार अलर्ट, सेंसेक्स मजबूत तो निफ्टी फिसला... - vedantsamachar.in

Stock Market August 4: आरबीआई की नीति और वैश्विक संकेतों के बीच बाजार अलर्ट, सेंसेक्स मजबूत तो निफ्टी फिसला…

नई दिल्ली/मुंबई, 04 अगस्त। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान मिला-जुला रुख देखने को मिला। निवेशकों की निगाहें भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक के फैसले और अमेरिका-ईरान के बीच जारी कूटनीतिक घटनाक्रम पर टिकी रहीं। इन दोनों प्रमुख घटनाओं के चलते बाजार में सतर्कता का माहौल बना हुआ है। सुबह करीब 10:30 बजे तक निफ्टी-50 143.85 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,630.45 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं बीएसई सेंसेक्स 213.19 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,852.22 अंक पर पहुंच गया।

सेक्टोरियल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.21 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार करता नजर आया। सेक्टोरल सूचकांकों में रियल्टी और सीमेंट शेयरों पर दबाव बना रहा, जबकि मेटल सेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन किया। GIFT Nifty से मिले सपाट शुरुआत के संकेत कारोबार शुरू होने से पहले GIFT Nifty करीब 14 अंक की गिरावट के साथ 24,637 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। इससे घरेलू बाजार में हल्की कमजोरी या सपाट शुरुआत के संकेत मिले थे। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आरबीआई की एमपीसी बैठक के नतीजों से पहले निवेशक बड़े निवेश से फिलहाल बचते नजर आ सकते हैं।

तिमाही नतीजों पर भी रहेगी नजर आज कई प्रमुख कंपनियां अपने पहली तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने वाली हैं। ऐसे में निवेशकों की नजर इन परिणामों पर भी रहेगी, क्योंकि इनके आधार पर संबंधित शेयरों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख एशिया-प्रशांत क्षेत्र के प्रमुख शेयर बाजारों में भी मंगलवार को मिश्रित कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई-225 करीब 0.82 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स-200 लगभग 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में रहा।