CG NEWS : शासकीय गौचर जमीन पर फैला दिया कबाड़, परेशान लोगों ने की प्रशासन से शिकायत... - vedantsamachar.in

CG NEWS : शासकीय गौचर जमीन पर फैला दिया कबाड़, परेशान लोगों ने की प्रशासन से शिकायत…

लोरमी, 04 अगस्त (वेदांत समाचार) । प्रशासन की लापरवाही से कही बार आलम यह हो जाता है कि लोगों को खुद आगे आकर लड़ाई लड़नी पड़ती है। ऐसा ही वाकया लोरमी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 कुंदरापारा का है, जहां के निवासियों ने शासकीय गौचर भूमि और कोतरी नाला क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोरमी के वार्ड क्रमांक 12 कुंदरापारा स्थित महामाया मंदिर के समीप शासकीय गौचर भूमि एवं नाले के हिस्से पर अवैध कब्जे एवं गंदगी फैलाए जाने के गंभीर आरोप हैं।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रामप्रकाश राजपूत नामक व्यक्ति द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर वहां कबाड़, शराब की खाली बोतलें एवं कचरा इकट्ठा किया जा रहा है, जिससे मंदिर परिसर एवं आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है, तथा बच्चों के लिए सुरक्षा का खतरा बना हुआ है।इसी संबंध में वार्डवासियों ने पहले भी जिला कलेक्टर जन-दर्शन और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। आज पुनः अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, तहसीलदार एवं नगर पालिका परिषद में ज्ञापन देकर 7 अगस्त तक न्यायसंगत एवं सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की गई है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तहसीलदार चंद्रकांत राही और CMO चंदन शर्मा की टीम ने शिकायत पर त्वरित संज्ञान लिया है।कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए तहसीलदार चंद्रकांत राही एवं CMO चंदन शर्मा की संयुक्त टीम द्वारा नियमानुसार सीमांकन एवं स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच में शासकीय गौचर भूमि पर बेजा-कब्जा पाया जाता है, तो नगर पालिका और राजस्व विभाग द्वारा त्वरित, न्यायसंगत और अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।