RAIPUR : किरण सिंह देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार... - vedantsamachar.in

RAIPUR : किरण सिंह देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार…

रायपुर/नई दिल्ली, 04 अगस्त : भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की सोमवार को नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में सफल ऑर्थोपेडिक सर्जरी हुई। वे बागेश्वर धाम से छत्तीसगढ़ लौटते समय झांसी के समीप हुई सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि विख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अतीक वसदेव और उनकी मेडिकल टीम की देखरेख में एक घंटे से अधिक समय तक चली शल्य क्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

इस दौरान एसिटाबुलम फ्रैक्चर की रिपेयर सर्जरी की गई। उन्होंने कहा कि सर्जरी के बाद किरण देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और उनकी स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है। चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दिनों के अनिवार्य विश्राम की सलाह दी है। पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद वे शीघ्र ही छत्तीसगढ़ लौटेंगे। विजय शर्मा ने बताया कि विश्राम अवधि पूरी होने के बाद किरण देव अपनी नियमित दिनचर्या में लौटकर संगठन के आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करेंगे तथा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालेंगे।