किरन्दुल, 21 अप्रैल(वेदांत समाचार)। एनएमडीसी परियोजना क्षेत्र किरन्दुल में मंगलवार को स्थानीय युवाओं ने एनएमडीसी के सीएमडी अमिताव मुखर्जी के किरन्दुल–बचेली दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन किया। युवाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर परियोजना मुख्यालय के सामने एकत्र होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में खदान क्रमांक 13 एवं 04 को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने, खनन से जुड़े सभी दस्तावेजों को सार्वजनिक करने तथा स्थानीय एनसीएल कार्यालय को हटाने की मांग शामिल रही। इसके साथ ही युवाओं ने किरन्दुल नगर को धूल मुक्त बनाने और किरन्दुल–बचेली क्षेत्र में कार्यरत शासकीय कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सीआईएसएफ गेट के सामने काली पट्टी बांधकर और हाथों में तख्तियां लेकर “जल, जंगल, जमीन बचाओ”, “खदान क्र. 13 एवं 04 बंद करो” और “किरन्दुल को धूल मुक्त करो” जैसे नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन, एनएमडीसी प्रबंधन और सीआईएसएफ के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि युवाओं की मुलाकात सीएमडी से कराई जाएगी। इसके बाद युवाओं ने अपना शांतिपूर्ण प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
