आलीराजपुर, 19 अप्रैल । जिले के बोरी गांव में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की बाइक को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उनके घर से महज 100 मीटर पहले हुआ। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे तीनों दोस्त बाइक से शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशन (17), अनिल (14) और सावन (15) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
तीनों युवक अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन गहरी दोस्ती के कारण हर जगह साथ रहते थे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद उनकी यह आखिरी यात्रा साबित हुई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और बोरी स्वास्थ्य केंद्र भेजा। क्षेत्र में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध वाहनों की तलाश की जा रही है।
