रायपुर, 19 अप्रैल (वेदांत समाचार)। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुरू किए गए इस अभियान के तहत बीते एक सप्ताह में 350 चालकों पर कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाया जा रहा है। पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि ई-रिक्शा और ऑटो चालक नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए शहरभर में विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बिना लाइसेंस वाहन चलाना, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना, रॉन्ग साइड चलना जैसे उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा जिन चालकों के ई-चालान लंबित थे, उनसे मौके पर ही भुगतान भी कराया गया। पुलिस का कहना है कि इससे नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ेगी और चालकों में जागरूकता आएगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से अपील की है कि वे अपने सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें, नो पार्किंग में वाहन खड़ा न करें और चौक या लेफ्ट टर्न पर गाड़ी खड़ी कर यातायात बाधित न करें। साथ ही सभी चालक अपना ई-चालान समय-समय पर जांच कर उसका भुगतान करें, अन्यथा आगे चलकर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

