नई दिल्ली,24 जून : भारत का आयरलैंड दौरा 26 जून से शुरू हो रहा है, जहां संजू सैमसन के पास नंबर 1 बनने का मौका होगा. हालांकि, इस मौके को भुनाने के लिए संजू सैमसन को रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ना होगा. भारत-आयरलैंड T20 सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा रन रोहित शर्मा ने बनाए हैं और अगर दोनों टीमों के खिलाड़ियों में से किसी के पास रोहित के उस रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकलने का सबसे बेस्ट चांस है तो वो संजू सैमसन के पास है. आयरलैंड के मौजूदा दौरे पर भारत को 2 T20 मुकाबले खेलने हैं, जिसमें सैमसन रोहित का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़कर नंबर 1 बन सकते हैं सैमसन
भारत-आयरलैंड T20 सीरीज में 200 से ज्यादा रन बनाने वाले रोहित शर्मा इकलौते बल्लेबाज हैं. उन्होंने 4 T20 में 201 रन 3 अर्धशतक के साथ बनाए हैं. T20 से रिटायर हो चुके रोहित अब इस फॉर्मेट में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं. भारत और आयरलैंड की मौजूदा टीम में हैरी टेक्टर और संजू सैमसन दो ऐसे बल्लेबाज हैं, जिनके पास रोहित शर्मा से आगे निकलने का मौका है. लेकिन, चूंकि दोनों देशों की T20 सीरीज में सैमसन का औसत और स्ट्राइक रेट हैरी टेक्टर से बेहतर रहा है, इसलिए उनके पास रोहित को पीछे छोड़ नंबर 1 बनने का ज्यादा सुनहरा चांस है.
क्यों हैं संजू सैमसन के पास रोहित से आगे निकलने का बेहतर चांस?
आयरलैंड के हैरी टेक्टर ने भारत के खिलाफ 5 T20 मैचों की 5 पारियों में 123 रन 30.75 की औसत और 123 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. वहीं संजू सैमसन ने आयरलैंड के खिलाफ 3 T20 मुकाबलों में ही 59.00 की औसत और 171.01 की स्ट्राइक रेट से 118 रन बनाए हैं. दोनों बल्लेबाजों के आंकड़ों से साफ है कि सैमसन का ग्राफ हैरी टेक्टर के मुकाबले ज्यादा बेहतर है और वो रोहित के सबसे ज्यादा 201 रनों के रिकॉर्ड से आगे निकलने का बेहतर दमखम रखते हैं.
मौजूदा टीम इंडिया में संजू सैमसन जैसा कोई नहीं
आयरलैंड दौरे पर गई भारत की मौजूदा टीम में संजू सैमसन इकलौते खिलाड़ी हैं, जिनकी दोनों देशों के बीच खेली T20 सीरीज में 100 प्लस रन हैं. उनके बाद मौजूदा टीम में ईशान किशन दूसरे सबसे ज्यादा रन वाले भारतीय बल्लेबाज हैं. उन्होंने भारत-आयरलैंड T20 सीरीज में 2 मैचों में 29 रन अब तक बनाए हैं.

