लंदन,24 जून । भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान पर अपना दबदबा एक बार फिर साबित कर दिया।
मैच की शुरुआत पाकिस्तान ने आक्रामक अंदाज में की और 8वें मिनट में नदीम अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि भारतीय टीम ने वापसी करते हुए दूसरे क्वार्टर में खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया।
22वें मिनट में अभिषेक ने शानदार गोल कर भारत को बराबरी दिलाई। इसके ठीक दो मिनट बाद नीलकांत शर्मा ने बेहतरीन फील्ड गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम मैच पर पूरी तरह हावी रही।
तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए 40वें मिनट में गोल दागा और भारत की बढ़त 3-1 कर दी। चौथे क्वार्टर में राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया।
मैच के अंतिम मिनटों में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की। अबू महमूद ने 53वें मिनट और मोइन शकील ने 60वें मिनट में गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन भारतीय टीम ने बढ़त कायम रखते हुए 4-3 से जीत अपने नाम कर ली।
पिछले 10 सालों से पाकिस्तान पर भारत का दबदबा
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं। कुल रिकॉर्ड में पाकिस्तान ने 82 और भारत ने 68 मुकाबले जीते हैं, लेकिन पिछले एक दशक में भारतीय टीम का दबदबा साफ दिखाई देता है। पिछले 10 वर्षों में दोनों टीमों के बीच खेले गए 18 मुकाबलों में भारत ने 16 जीत हासिल की हैं, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे हैं।
इस जीत के साथ भारतीय टीम एफआईएच प्रो लीग 2025-26 की अंक तालिका में 13 मैचों में तीन जीत के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं पाकिस्तान 13 में 13 मैच हारकर तालिका में सबसे नीचे बना हुआ है।

