रायगढ़, 24 जून 2026 (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत घरघोड़ा थाना पुलिस ने एक युवती से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय युवती ने 22 जून 2026 को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे आरोपी रंजीत कुर्रे (27 वर्ष) जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि युवक ने युवती का हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की कोशिश की।
जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के बाल पकड़कर खींचे और हाथ-थप्पड़ों से मारपीट भी की। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर घरघोड़ा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 201/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान युवती का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटें सामान्य प्रकृति की पाई गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत कुर्रे के घर पर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर 24 जून को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र सिदार, महिला प्रधान आरक्षक उषारानी तिर्की और आरक्षक यशवंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़, हिंसा और अभद्र व्यवहार करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

