कबीरधाम, 03 अप्रैल (वेदांत समाचार) । कबीरधाम जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर नाबालिग बालक के साथ अनाचार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी महिला के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली कबीरधाम में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत धारा 4 पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में की गई, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।
सोशल मीडिया से हुई पहचान, फिर वारदात
प्रार्थी के अनुसार, उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी महिला से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया। आरोप है कि 1 मार्च 2026 को महिला ने नाबालिग को भोरमदेव रोड स्थित एक होटल में बुलाया, जहां भावनात्मक दबाव और प्रलोभन देकर उसके साथ अनाचार किया गया। घटना के बाद आरोपी महिला ने पीड़ित को डराया-धमकाया, जिससे वह मानसिक दबाव में रहा और तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सका। बाद में साहस जुटाकर पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
शिकायत मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में पोक्सो अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप, उप निरीक्षक दिव्या शर्मा सहित कोतवाली पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले संपर्कों में सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या उत्पीड़न की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
