कोरबा के कोसगई माता मंदिर के पास होटल में लगी भीषण आग, कार और कई दुकानें चपेट में आईं

कोरबा, 15 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध कोसगई माता मंदिर के नीचे सड़क किनारे बने एक होटल में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास खड़ी एक कार और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम करीब 4 बजे की है, जब मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। इसी दौरान होटल में अचानक आग भड़क उठी और तेजी से फैलने लगी। होटल के सामने सड़क किनारे खड़ी कार भी आग की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि यह कार कुसमुंडा निवासी शुभम साहू की थी, जो माता के दर्शन करने आए थे।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आग की भयावहता को देखते हुए श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। कार से आए श्रद्धालुओं को बाद में अन्य साधनों से उनके घर भेजा गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग की शुरुआत होटल से हुई, कार से या किसी अन्य स्थान से। सूचना मिलने पर दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

इस घटना में जान-माल के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।