जांजगीर-चांपा। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के तहत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर द्वारा विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत धाराशिव (खो.) में शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं एवं समूह 23 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
यह प्रक्रिया छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के प्रावधानों के तहत की जा रही है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत धाराशिव (खो.) क्षेत्र में उचित मूल्य दुकान के आबंटन के लिए पात्र स्व सहायता समूह, सेवा सहकारी समिति एवं अन्य योग्य संस्थाओं से आवेदन मांगे गए हैं।
अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि आवेदन के साथ संस्था या समूह को अपने पंजीयन प्रमाण पत्र की प्रति, वर्तमान माह से पिछले एक वर्ष तक का बैंक खाता स्टेटमेंट तथा संस्था के बाइलॉ (नियमावली) की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। सभी दस्तावेजों के साथ आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यालय में जमा करना होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में इच्छुक संस्थाओं और समूहों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
इस पहल का उद्देश्य पात्र और सक्षम संस्थाओं के माध्यम से उचित मूल्य दुकानों का बेहतर संचालन सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ सुचारू रूप से मिल सके।

