जांजगीर-चांपा में 1.70 लाख की ठगी का खुलासा, बिहार से शातिर आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 14 अप्रैल (वेदांत समाचार)। चावल खरीदी-बिक्री के नाम पर 1 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने साइबर टीम की मदद से आरोपी को बिहार के अररिया जिले से पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, बैंक खाता से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम प्रकाश शर्मा, पिता दीप लाल शर्मा, निवासी बिहार के रूप में हुई है। आरोपी ने मोबाइल के माध्यम से सौदा तय कर और फोन-पे के जरिए रकम लेने के बाद अपना मोबाइल बंद कर फरार होकर ठगी को अंजाम दिया था।

प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल, प्रोपराइटर सुलोचना फूड, निवासी जांजगीर ने 12 मार्च 2026 को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि चावल ब्रोकर अंजनी अग्रवाल के माध्यम से आरोपी से मोबाइल पर संपर्क हुआ और 900 क्विंटल चावल 2980 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बेचने का सौदा तय हुआ। इसके बाद आरोपी ने ट्रक भाड़ा और अन्य खर्च के नाम पर अलग-अलग किस्तों में फोन-पे और बैंक खाते के जरिए कुल 1,70,000 रुपये ले लिए।

रकम लेने के बाद आरोपी ने प्रार्थी को माल का बिल तो भेजा, लेकिन चावल की गाड़ी नहीं भेजी और अपना मोबाइल बंद कर लिया। इस प्रकार आरोपी ने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर तकनीक की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। जांच में आरोपी का लोकेशन बिहार के अररिया जिले में पाया गया, जिसके बाद CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम बिहार रवाना की गई।

पुलिस टीम ने अररिया जिले के मालद्वार क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने ठगी की वारदात को स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने चावल ट्रेडिंग के नाम पर मोबाइल के जरिए संपर्क कर रकम ली और धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन, बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, साइबर थाना के निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा और आरक्षक माखन साहू का विशेष योगदान रहा।