मुंबई, 05 अगस्त, 2026: सोनी सब का शो यादें हास्य और दिलचस्प मेडिकल केसेस के अपने अनोखे मिश्रण के साथ दर्शकों का मनोरंजन करता है। छवि पांडे, डॉ. प्रीति देशमुख के रूप में कहानी में नया आयाम जोड़ रही हैं। डॉ. प्रीति एक प्रतिभाशाली सर्जन हैं, जिनका आत्मविश्वास, गर्मजोशी और भावनात्मक गहराई जेबीएमएमसी हॉस्पिटल को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। डॉ. प्रीति अपने पेशे के प्रति बेहद समर्पित हैं, लेकिन उनकी निजी यात्रा कहानी में कई नई परतें जोड़ती है, जिससे वे डॉ. देव की दुनिया का दिलचस्प हिस्सा बन जाती हैं।
इस बातचीत में छवि पांडे ने शो में कदम रखने, डॉक्टर का किरदार निभाने की तैयारी करने, डॉ. प्रीति से समानताएँ खोजने और दर्शकों से पहले ही मिलने लगे प्यार के बारे में खुलकर बात की।
आपने यादें में एंट्री ली है, हमें अपने किरदार के बारे में बताइए और इस रोल को लेकर आपको सबसे ज़्यादा क्या उत्साहित करता है।
मेरे लिए सबसे बड़ी उत्सुकता डॉक्टर का किरदार निभाने का मौका मिलना था। मैंने अपने करियर में पहले कभी थोड़े समय के लिए डॉक्टर का रोल किया था, लेकिन उसे गहराई से निभाने का अवसर नहीं मिला। डॉक्टर का किरदार निभाना एक बड़ी ज़िम्मेदारी है, क्योंकि हर विवरण का प्रामाणिक होना जरुरी होता है। चाहे मेडिकल शब्दों का सही उच्चारण करना हो, सर्जरी को समझना हो या दृढ़ विश्वास के साथ परफॉर्म करना हो, इस पेशे को निभाने में बहुत कुछ शामिल होता है। एक अभिनेता के रूप में मुझे ऐसे किरदार पसंद हैं, जो मुझे चुनौती दें और मेरा किरदार डॉ. प्रीति बिल्कुल वैसा ही है। यह मेरे लिए सबसे रोमांचक भूमिकाओं में से एक रही है, क्योंकि यह मुझे हर दिन कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित करती है।
मेडिकल ड्रामा में एक स्तर की प्रामाणिकता ज़रूरी होती है। आपने स्क्रीन पर एक कुशल सर्जन का किरदार निभाने के लिए कैसे तैयारी की?
हर विवरण को प्रामाणिक बनाने के लिए सेट पर डॉक्टर मौजूद रहते हैं, जो हमें मेडिकल प्रक्रियाओं के बारे में मार्गदर्शन देते हैं और तकनीकी पहलुओं को विस्तार से समझाते हैं। मैं खुद भी मेडिकल शब्दावली को समझने की कोशिश करती हूँ और ज़रूरत पड़ने पर रिसर्च करती हूँ। चूँकि, मेरे कई सहकलाकार पहले से इस शो का हिस्सा हैं, मैं अक्सर उनसे सवाल पूछ लेती हूँ। चाहे इक़बाल हों, गुल्की हों या कोई और, सभी हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं, जिससे यह प्रक्रिया और भी आसान हो जाती है।
एक एक्टर के तौर पर, डॉ. प्रीति का किरदार निभाने का सबसे दिलचस्प पहलू क्या रहा है?
डॉ. प्रीति असल ज़िंदगी में मुझसे बिल्कुल अलग हैं और यही बात उन्हें निभाने को इतना रोमांचक बनाती है। वह प्यारी-सी क्लम्ज़ी, बेबाक, एक्स्ट्रोवर्ट और दिल की बात तुरंत कह देने वाली है। मैं बिल्कुल उलट हूँ इंट्रोवर्ट, धीरे-धीरे खुलने वाली और बहुत व्यवस्थित। लेकिन, एक चीज़ हम दोनों में समान है और वह है अपने काम के प्रति समर्पण। जैसे डॉ. प्रीति मरीज़ का इलाज करते समय पूरी तरह केंद्रित हो जाती है, वैसे ही मैं अभिनय करते समय पूरी तरह समर्पित रहती हूँ। अपने पेशे के प्रति यह ईमानदारी ही है, जिससे मैं उनसे सबसे ज़्यादा जुड़ाव महसूस करती हूँ।
डॉ. प्रीति अपने मन की बात खुलकर कहने वालों में से हैं। क्या उनमें कोई ऐसी खूबी है, जिससे आप व्यक्तिगत रूप से जुड़ाव महसूस करते हैं?
हाँ, बिल्कुल। अपने काम के प्रति गहरे समर्पण के अलावा, डॉ. प्रीति बहुत दयालु और भावुक भी हैं। वह सचमुच लोगों की परवाह करती है और हमेशा ज़िम्मेदारी लेने के लिए तैयार रहती है, ताकि किसी और को उनकी वजह से तकलीफ न उठानी पड़े। यही एक पहलू है, जिससे मैं व्यक्तिगत रूप से जुड़ाव महसूस करती हूँ। मैं भी करुणा में विश्वास करती हूँ, चाहे वह लोगों के प्रति हो, जानवरों के प्रति या मेरे आस-पास किसी के प्रति। मेरा मानना है कि दयालुता एक ऐसी खासियत है, जो डॉ. प्रीति और मुझ दोनों में सच्चाई से मौजूद है। और ठीक डॉ. प्रीति की तरह, मैं भी अपने काम को बहुत गंभीरता से लेती हूँ और अपना सर्वश्रेष्ठ देती हूँ।
इकबाल खान, गुल्की जोशी और बाकी कास्ट के साथ काम करने का आपका अब तक का अनुभव कैसा रहा है?
यह अनुभव बेहद शानदार रहा है। मैंने पहले भी इक़बाल के साथ काम किया है, इसलिए शो में जुड़ते ही एक सहजता महसूस हुई। वे एक बेहतरीन अभिनेता हैं और उनके साथ काम करना बहुत आसान है। हालाँकि, यह मेरा गुल्की के साथ पहला प्रोजेक्ट है, लेकिन मैं उन्हें पहले से जानती हूँ। जब आप इतने अच्छे कलाकारों के बीच होते हैं, तो आपका प्रदर्शन अपने आप बेहतर हो जाता है, क्योंकि अभिनय हमेशा टीमवर्क होता है। पूरी कास्ट बेहद प्रतिभाशाली है और मुझे सबसे ज़्यादा पसंद है सेट पर बना सकारात्मक माहौल। हमारे निर्देशक भी इस सहज वातावरण को बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं, जिससे सबसे चुनौतीपूर्ण दृश्य भी आनंददायक हो जाते हैं। सचमुच मैं सभी के साथ काम करके बहुत अच्छा समय बिता रही हूँ।
एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर, जिसने पहले से ही पसंद किए जा रहे शो में कदम रखा है, आपको दर्शकों से कैसी प्रतिक्रिया मिल रही है?
एक पहले से ही लोकप्रिय शो में कदम रखना हमेशा एक ज़िम्मेदारी के साथ आता है, लेकिन दर्शकों ने मुझे इतनी गर्मजोशी से अपनाया है कि मैं सचमुच आभारी हूँ। मुझे लगता है कि इसका बड़ा श्रेय हमारे लेखकों को जाता है, जिन्होंने डॉ. प्रीति को इतनी खूबसूरती से गढ़ा है कि लोग उनसे जुड़ाव महसूस कर सकें। एक दर्शक का संदेश मेरे दिल को छू गया, उन्होंने कहा कि डॉ. प्रीति का एक भावनात्मक दृश्य देखकर उन्हें लगा कि यह किरदार उन लोगों की आवाज़ बन गया है, जिन्हें अक्सर अलग होने की वजह से आँका या ठुकराया जाता है। यह पढ़कर मेरा दिन बन गया, क्योंकि एक अभिनेता के रूप में यही उम्मीद रहती है कि आपका अभिनय लोगों के दिल तक पहुँचे। मुझे जो प्यार मिल रहा है उसके लिए मैं बेहद आभारी हूँ और उम्मीद करती हूँ कि दर्शक न सिर्फ मुझे बल्कि पूरी यादें टीम को इसी तरह समर्थन देते रहें।
बहुत कुछ बताए बिना, ‘यादें’ में डॉ. प्रीति का सफर आगे बढ़ने पर दर्शक उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं?
डॉ. प्रीति ने कहानी में बहुत गर्मजोशी, सकारात्मकता और निष्ठा के साथ प्रवेश किया है। वह अस्पताल में पेशेवर और भावनात्मक दोनों स्तरों पर कुछ अलग लेकर आती है। जैसे-जैसे उनकी यात्रा आगे बढ़ेगी, दर्शक उनके व्यक्तित्व की और भी परतों को जान पाएँगे।
सोनी सब पर यादें देखना न भूलें सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सिर्फ सोनी सब पर।

