- 10 किमी पैदल चलकर वनांचल के मलेरिया प्रभावित इलाकों का किया दौरा, स्वास्थ्य अमले को दिए तत्काल राहत और उपचार के निर्देश
कोरबा, 05 अगस्त (वेदांत समाचार)। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच जनप्रतिनिधि की सक्रियता की मिसाल देखने को मिली। जब दुर्गम गांवों तक पहुंचना भी चुनौती बना हुआ है, तब रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया स्वयं पगडंडियों और नालों को पार करते हुए मलेरिया प्रभावित गांवों तक पहुंचे। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल राहत एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने लेमरू, नकिया, रपता, खम्हूंन और खराखेत सहित कई वनांचल गांवों का दौरा किया। इनमें खम्हूंन और खराखेत जैसे गांवों तक पहुंचने के लिए उन्हें उबड़-खाबड़ पगडंडी रास्तों से गुजरना पड़ा तथा कई नालों को पार करना पड़ा। करीब 10 किलोमीटर पैदल यात्रा कर विधायक अंतिम छोर तक बसे ग्रामीणों के बीच पहुंचे।

दौरे के दौरान विधायक ने मलेरिया से प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई बनाए रखने तथा समय पर दवा लेने की सलाह दी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि वनांचल के किसी भी ग्रामीण को उपचार के अभाव में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्वास्थ्य दल भी तैनात किए जाएंगे।

विधायक के इस दौरे से ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा। ग्रामीणों ने कहा कि दुर्गम रास्तों और नालों को पार कर स्वयं गांव पहुंचना जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता और सेवा भावना को दर्शाता है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस दौरे के बाद स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर होंगी तथा मलेरिया नियंत्रण अभियान में तेजी आएगी।
दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, जिला महामंत्री प्रवीण ओगरे, जिला महामंत्री भूकेश्वर सिंह पैकरा, विधायक प्रतिनिधि बुधवान सिंह तंवर, मंडल अध्यक्ष लेमरू मोहर साय यादव, मंडल अध्यक्ष रामपुर दीनानाथ राठिया, बिसाहू पटेल, आत्माराम मन्नेवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

