कोरबा 05 अगस्त 2026 (वेदांत समाचार)। नगर पालिक निगम कोरबा के अपर आयुक्त पद पर पवन वर्मा को पदोन्नति प्राप्त हुई है तथा वे अब निगम के अपर आयुक्त होगे, उन्होने पद का कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है, वहीं प्रशासनिक व्यवस्था अंतर्गत अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव को पूर्व में सौपे गये दायित्वों के साथ-साथ अतिरिक्त दायित्व भी प्रदान किये गये हैं, जबकि प्रभारी कार्यपालन अभियंता रूचि साहू को प्रधानमंत्री आवास योजना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा एवं मेयर इन काउंसिल में पारित निर्णय के परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ शासन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्रदत्त पदोन्नति की पुष्टि के तहत आदेश जारी कर श्री पवन वर्मा को उपायुक्त पद से अपर आयुक्त के पद पर पदोन्नत किया है, पवन वर्मा अब निगम के अपर आयुक्त होंगे।
अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव को अतिरिक्त दायित्व
आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम के अधीक्षण अभियंता श्री भूषण उरांव को पूर्व में सौपे गये दायित्वों के साथ-साथ निर्माण, योजना, डी.एम.एफ., सी.एस.आर., 15वें व 16वे वित्त योजना, अमृत मिशन के प्रभारी अधिकारी तथा सूचना के अधिकार 2005 के तहत प्रथम अपीलीय अधिकारी का दायित्व सौपा है। यहाॅं उल्लेखनीय है कि निगम में विगत 02 वर्षो से प्रभारी अधीक्षण अभियंता के पद पर पदस्थ रहे श्री सुरेश बरूआ विगत 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गये हैं, परिणाम स्वरूप उनके प्रभार वाले कार्यो का दायित्व अब श्री भूषण उरांव को सौपा गया है। इसी प्रकार निगम की प्रभारी कार्यपालन अभियंता सुश्री रूचि साहू को पूर्व में सौपे गये दायित्वों के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभारी अधिकारी का दायित्व सौपा गया है।

