धमतरी, 05 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली और अर्जुनी थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब बिक्री करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब, मोबाइल फोन और बिक्री की रकम सहित कुल 27,510 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 5 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने नहर नाका दानीटोला वार्ड स्थित सिंधी समाज के शमशान घाट के सामने अवैध शराब बिक्री कर रहे आरोपी दीव्यांशु सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी गोकुलपुर निवासी है और मौके पर देशी शराब बेच रहा था। आरोपी के कब्जे से 53 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 4,240 रुपये है, एक मोबाइल फोन जिसकी कीमत 20 हजार रुपये और शराब बिक्री से प्राप्त 1,760 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 26 हजार रुपये की सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं अर्जुनी थाना पुलिस ने राजीव नगर अछोटा स्थित काटी तालाब सामुदायिक भवन के सामने अवैध शराब बिक्री करते आरोपी भूपेन्द्र देवांगन को पकड़ा। आरोपी के पास से 15 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 1,200 रुपये और बिक्री रकम 310 रुपये नगद जब्त की गई। पुलिस ने कुल 1,510 रुपये की सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री, नशे के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

