शिक्षा से बदलता है जीवन, लक्ष्य तय कर मेहनत करें विद्यार्थी : वित्त मंत्री ओपी चौधरी - vedantsamachar.in

शिक्षा से बदलता है जीवन, लक्ष्य तय कर मेहनत करें विद्यार्थी : वित्त मंत्री ओपी चौधरी

  • रायगढ़ के पुसौर में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन, 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 50 लाख रुपये के बीईओ कार्यालय भवन का भूमिपूजन

रायगढ़, 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले के नगर पंचायत पुसौर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव-2026 का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पुसौर में 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भवन का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन बदलने की सबसे बड़ी ताकत है। विद्यालय में बच्चे का पहला कदम उसके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत होती है। शिक्षा केवल व्यक्ति का विकास नहीं करती, बल्कि पूरे समाज की दिशा और दशा बदलने का माध्यम बनती है।

वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और लगातार मेहनत से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों में आगे बढ़ने के कई अवसर उपलब्ध हैं। इन अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय संस्थानों में चयनित होने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आईएएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली भेज रही है। वहां उनके अध्ययन और आवास का पूरा खर्च सरकार वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कभी भी प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने शिक्षकों से ऐसे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय विकसित करने का आह्वान किया, जहां अभिभावक अपने बच्चों का प्रवेश कराने के लिए स्वयं प्रेरित हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। पुसौर में नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर जैसे संस्थानों का निर्माण भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि विद्यालय को बच्चों के लिए आनंददायक और प्रेरणादायी वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के लिए घर में बेहतर माहौल तैयार करने और विद्यालय में सीखी गई बातों पर नियमित चर्चा करने की अपील की।

कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पूर्ण दृष्टिबाधित छात्रा कामिनी यादव को 86 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विशेष सम्मान दिया गया। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर छात्राओं को साइकिल और नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में न्योता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश गुप्ता, भाग्यवती डोलनारायण नायक, लक्ष्मी जीवन पटेल, नगर पंचायत पुसौर उपाध्यक्ष उमेश साव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष खीरमती चौहान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।