गुरु पूर्णिमा पर राधेय विद्यापीठ में गुरु पूजन, विद्यार्थियों ने लिया गुरुजनों का आशीर्वाद - vedantsamachar.in

गुरु पूर्णिमा पर राधेय विद्यापीठ में गुरु पूजन, विद्यार्थियों ने लिया गुरुजनों का आशीर्वाद

दीपका/झाबर। राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम स्कूल, झाबर में गुरुवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, उत्साह और भारतीय संस्कृति की गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन करते हुए अपने गुरुजनों का विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य समारोह का संचालन विद्यालय की शाला नायक (स्कूल कैप्टन) प्रियांशी आयाम ने किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों का चंदन-तिलक लगाकर, आरती उतारकर एवं चरण स्पर्श कर सम्मान किया। इस दौरान छात्रों ने गुरु महिमा पर आधारित प्रेरणादायी कविताएं एवं भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने गुरुजनों के बताए सत्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलकर जीवन में सफलता प्राप्त करेंगे।

विद्यालय के संचालक राधेश्याम मनहर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु का ज्ञान जीवन के अंधकार को दूर कर सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ शिक्षिकाएं ज्योति मैम एवं शशि मैम ने भी गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला नायक प्रियांशी आयाम सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें विवेक चंद्रा, रिजवान, रुद्र बरवे, धीरज, दिव्या चौहान, दिव्या मरकाम, उर्वशी, सोनाली, अंकित, उम्मत, हिमांशु, शुभम, आयुष एवं सत्यम सहित अन्य विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।