- कोरबा में शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर बहाल किया गया सुरक्षित रास्ता
कोरबा, 28 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी का एक उदाहरण जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हरिया में देखने को मिला, जहां ग्रामीणों की शिकायत पर अधूरी पाइप पुलिया का निर्माण पूरा कर क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर दी गई। इससे ग्रामीणों का आवागमन अब सुचारु और सुरक्षित हो गया है।
ग्राम पंचायत कुल्हरिया निवासी राजकुमार शांडिल्य ने 27 जून 2026 को सीएम हेल्पलाइन में टोकन क्रमांक CC260600052681 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि मनरेगा योजना के तहत गुलाब घर से प्रधानपारा तक मिट्टी-मुरूम सड़क का निर्माण तो पूरा हो गया था, लेकिन पाइप पुलिया अधूरी होने के कारण बारिश के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायत दर्ज होने के बाद सीएम हेल्पलाइन केंद्र ने तत्काल प्रकरण को संबंधित एल-1 अधिकारी के पास भेजा। इसके बाद जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की टीम ने ग्राम पंचायत और निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय कर मौके का निरीक्षण किया और समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 2022-23 में मनरेगा योजना के तहत स्वीकृत इस सड़क निर्माण कार्य की कुल लागत 15.52 लाख रुपये थी। इसमें 10.43 लाख रुपये मजदूरी मद और 5.09 लाख रुपये सामग्री मद के लिए स्वीकृत किए गए थे। अत्यधिक बारिश के कारण पाइप पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी और मिट्टी के कटाव से सड़क मार्ग बाधित हो गया था।
शिकायत के बाद जनपद पंचायत की सक्रिय पहल और निर्माण एजेंसी के सहयोग से अधूरी पाइप पुलिया का निर्माण जल्द पूरा कराया गया। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर ग्रामीणों के लिए आवागमन को दोबारा सुरक्षित और सुगम बनाया गया।
समय-सीमा के भीतर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निराकरण होने पर ग्रामीणों ने संतोष जताया और सीएम हेल्पलाइन 1076 व्यवस्था की सराहना की। शिकायतकर्ता राजकुमार शांडिल्य सहित ग्रामीणों ने कहा कि समस्या का त्वरित समाधान होने से शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

